जमशेदपुर पुलिस हुई हाईटेक – एसएसपी पीयूष पांडेय ने जवानों को सौंपी जीपीएस से लैस हाई स्पीड बाइक, अपराधियों पर कसेगा शिकंजा


जमशेदपुर।
महानगरों की तर्ज पर अब जमशेदपुर पुलिस भी हाईटेक हो गई है। अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में गुरुवार को जिले के एसएसपी पीयूष पांडेय ने 33 टेंगो मोबाइल जवानों को हाई स्पीड बाइक सौंपी। इस मौके पर सिटी डीएसपी कुमार शशिभूषण, साकची डीएसपी मनोज ठाकुर सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।


एसएसपी ने जवानों को बाइकों के संचालन और तकनीकी फीचर्स की जानकारी दी। इन बाइकों को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। सभी बाइकों में जीपीएस सिस्टम लगाया गया है, जिससे बाइक की लोकेशन की निगरानी जिला मुख्यालय से तुरंत की जा सकेगी।


उन्होंने बताया कि बड़ी गाड़ियों के कारण पुलिस को अक्सर भीड़भाड़ वाले इलाके और संकरी गलियों में समय पर पहुंचने में कठिनाई होती थी। लेकिन अब इन हाई स्पीड बाइकों की मदद से पुलिस जवान किसी भी स्थान पर तेजी से पहुंच सकेंगे और अपराधियों पर नकेल कस पाएंगे।

एसएसपी पांडेय ने विश्वास जताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराध पर अंकुश लगाने में ये बाइकें बेहद कारगर साबित होंगी। उन्होंने इस व्यवस्था को संभव बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय का आभार व्यक्त किया।